
अज्ञात कारणों के चलते रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प निवासी युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने पापा में मर रहा हूं, मौत के लिए कोई जिमेदार नहीं है लिखा था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। बेटे के आत्मघाती कदम से लोग सदमे में हैं।
मूलरूप से ग्राम रहेवा, मिल्क, रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 22 साल का हिमांशु पुत्र गंगा चरण ट्रांजिट कैम्प, आजाद नगर में किराए में रहता था। वह यहां रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के दौरान वह अपने पिता गंगा चरण के साथ घर चला गया था। दो दिन पहले ही अकेले वापस आया था। एक दिन पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा राम अवतार के कमरे में रुका था। शुक्रवार शाम को अपने कमरे में आ गया।
शनिवार तड़के उसने अज्ञात कारणों के चलते कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। यह देख मकान स्वामी देवेंद्र पाल सिंह के होश उड़ गए। उसने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ ट्रांजिट कैम्प विधादत जोशी, एसआई मनोज कुमार और विजय सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।