शिमला ,(विजयेन्द्र दत्त गौतम) : भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रदेश संयोजक रतनपाल सिंह पाल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों से 21 दिसम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया था। आज पूरा विश्व एकमत होकर योग को इम्यूनिटी ( रोग प्रतिरोधक क्षमता ) को बढ़ाने एवं स्वस्थ रहने का सबसे कारगर उपाय मानता है ।
उन्होनें कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर मनाती रही है और इस वर्ष भी योग दिवस विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है, परन्तु इस वर्ष परिस्थितियां बिल्कुल अलग है, इस वर्ष कोरोना महामारी से जहां पूरा विश्व त्रस्त है वहीं भारत भी इससे अछूता नहीं है । इसलिए इस वर्ष कोरोना महामारी को ध्यान में रखते सामाजिक दूरी ( सोशल डिस्टेसिंग ) एवं अन्य स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा विभिन्न कार्यक्रम करेगी। सभी कार्यकर्ता अपने – अपने स्थान पर अपने – अपने परिवार के साथ कुटुम्ब योगा करेंगे ।
रतन सिंह पाल ने कहा कि इस दिन सामूहिक योग के कार्यक्रम भी किए जाएंगे परन्तु इन कार्यक्रमो में संख्या 20 से अधिक नहीं होगी तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन किया जाएगा। कंटेनमैंट एरिया में सामूहिक योग के कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे।
उन्होनें सभी लोगों से आग्रह किया है कि सभी लोग वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने घरो में अपने परिवार के साथ योग करें और दूसरों को भी योग करने के लिए प्रेरित करें।