हरिद्वार,। हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे यात्रियों की कार एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और तत्काल हाईवे को सुचारू कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी कुछ यात्री हरिद्वार में स्नान करने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। सूचना मिलने पर श्यामपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर पहंुची पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया।

