5 / 100 SEO Score

देहरादून,। सीमा सुरक्षा बल और भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित एक भव्य हाफ मैराथन दौड़ देहरादून स्थित राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौड़ में न केवल पेशेवर धावकों, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सतीश श्रीरामजी खण्डारे, भारतीय पुलिस सेवा, अपर महानिदेशक, पश्चिमी कमान, सीमा सुरक्षा बल द्वारा विजेताओं को पदक और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 10 लाख रुपये की नकद राशि पुरस्कार के रूप में वितरित की गई।
विभिन्न श्रेणियों के परिणामों में हाफ मैराथन के 19 से 50 आयु वर्ग में राहुल ने पुरुष वर्ग और रेणु सिंह ने महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 50 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग में भास्कर कांवले पुरुष श्रेणी और जयसिका पोलशेराऊ महिला श्रेणी में विजेता रहे। 10 किलोमीटर की दौड़ में 19 से 50 आयु वर्ग में गौरव ने पुरुष और सुशीला ने महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रामराज पुरुष और ज्योतिपर्व दत्त महिला वर्ग में प्रथम रहे। इसके अतिरिक्त, 10 किलोमीटर की श्रेणी में 14 से 18 वर्ष के बालक वर्ग में अभिमन्यु छेत्री और बालिका वर्ग में लावन्य नागरकर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सतीश श्रीरामजी खण्डारे ने कहा कि यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, अनुशासन और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सीमा सुरक्षा बल के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार यह आयोजन हमें भी अपने जीवन में फिटनेस और समर्पण का महत्व सिखाता है। उन्होंने देहरादून की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच मिलती है, जिसकी आज की बदलती जीवनशैली में अत्यधिक आवश्यकता है। इस अवसर पर कमांडेंट गजेंद्र सिंह रावत, सीमा सुरक्षा बल साहसिक प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून ने अपने संबोधन में सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस दौड़ का आयोजन सीमा सुरक्षा बल द्वारा अपनी सेवा, सुरक्षा और पराक्रम के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ’हीरक जयंती’ उत्सव के रूप में किया गया है। इस गौरवशाली उत्सव को मनाने के लिए देश के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसमें मेडिकल सहायता और हाइड्रेशन पॉइंट शामिल रहे। इस दौड़ में बालक-बालिकाओं, महिला-पुरुषों सहित सुरक्षा बलों के वर्तमान एवं भूतपूर्व कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो स्वास्थ्य के प्रति उनकी जागरूकता और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करता है।