6 / 100

रूद्रपुर,। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में उत्तराखंड राज्य की नगर निगम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रूद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा एवं नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य समारोह में प्रशस्ति पत्र और 35 लाख की धनराशि का चेक देकर सम्मानित किया। नगर निगम रूद्रपुर को यह पुरस्कार स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में नगर निगम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने, नगर निगम ने 100 प्रतिशत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने, 98 प्रतिशत प्रसंस्करण, 100 प्रतिशत डंप साइट उपचार, एवं गार्बे फ्री सिटी में 1 स्टार ओर ओडीएफ प्लस प्लस श्रेणी प्राप्त करने जैसी उपलब्धियों को हासिल करने पर दिया गया।
सीएम ने रूद्रपुर के सिंह कालोनी में पहले शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का वर्चुअल शुभारम्भ भी किया।
महापौर विकास शर्मा ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद सीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार’ मिलना नगरवासियों के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान हम सभी की साझा मेहनत और जन सहयोग का परिणाम है। शहर को स्वच्छ रखने में हमारे सफाई कर्मियों, अधिकारियों और नागरिकों की महती भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह पुरस्कार निगम की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सौगात भी दी है। पहला आरोग्य मंदिर सिंह कालोनी में खोला गया है इसके अलावा सात अस्पताल और खोले जाने हैं। प्रत्येक हेल्थ सेंटर से 15 से 20 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। ये केन्द्र शहर के अलग अलग स्थानों पर खोले जायेंगे। प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र में एमबीबीएस चिकित्सक फार्मोसिस्ट नर्स सहित पांच लोगों का स्टाफ होगा। इन अस्पतालों में आम जनता को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी जायेंगी। कार्यक्रम में कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश काऊ, सरिता कपूर सहित कई लोग मौजूद रहे।