63 / 100 SEO Score

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में पुलवामा में सुरक्षाबलों ने गुरुवार को एक बार फिर आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलवामा के पास एक सैंट्रो गाड़ी में आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्स्प्लोसिव डिवाइस) प्लांट की गई थी, जिसकी समय रहते हुए पहचान कर ली गई। बम डिस्पोज़ल स्क्वायड ने वक्त रहते ही इस बम को डिफ्यूज़ कर दिया।

पुलवामा पुलिस, सीआरपीएफ और आर्मी ने एक साथ एक्शन लेते हुए इस गाड़ी की पहचान की और इसमें आईईडी के होने का पता लगाया। तभी बम डिस्पोज़ल स्क्वायड को बुलाया गया और अंतत: इस आईईडी ब्लास्ट को टाल दिया गया।

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने पुलवामा के राजपोरा इलाके में स्थित आइनगुंड से इस कार को जब्त किया है। इस कार में बड़ी मात्रा में आईईडी बरामद हुई है। एजेंसियों को शक है कि इन्हें सुरक्षाबलों के किसी काफिले पर हमले के लिए यहां पर लाया गया था।

आपको बता दें कि इससे पहले पिछले साल जो पुलवामा में आतंकी हमला किया गया था, वह भी इसी तरह का था। जिसमें एक गाड़ी में बम रखा गया था और उसे सीआरपीएफ के काफिले में घुसा दिया गया था, फरवरी 2019 में हुए उस आतंकी हमले में करीब 45 जवान शहीद हो गए थे।