मसूरी,। 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि लाल टिब्बा रोड, मसूरी पर एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही चैकी लंढौर से चीता पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में गिरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में स्कूटी गहरी खाई में गिर गई, जबकि युवक को केवल हल्की-फुल्की चोटें आईं। घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय लंढौर पहुंचाया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रमोद पुत्र विक्रम, निवासी टंकी वाली गली, टपोकड़ा खास मिवाड़ी, जनपद खैरथल, राजस्थान, उम्र 22 वर्ष बताया। युवक ने बताया कि वह घर वालों से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से 50,000 रूपये लेकर आत्महत्या करने के उद्देश्य से मसूरी आया था। एक दिन पूर्व उसने मसूरी से किराये पर स्कूटी लेकर लाल टिब्बा जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आत्महत्या का प्रयास करते समय उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। युवक को सकुशल पाकर उसके परिजनों ने मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

