5 / 100 SEO Score

रुद्रप्रयाग,। ऊखीमठ सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण कई लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। इस समस्या से महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज के ग्रामीणों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू गैस की कमी के चलते लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है और कई परिवारों को भोजन बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
वहीं, व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी से होटल, ढाबों और छोटे व्यापारियों का व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि गैस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें ग्राहकों को लौटाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही के चलते यह संकट उत्पन्न हुआ है। समय पर सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से समस्या दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। उपभोक्ताओं और व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर गैस आपूर्ति को सुचारु बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
पूर्व छात्र नेता विराट सौरभ भट्ट ने कहा कि गैस एजेंसी संचालकों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि गांववार गैस वितरण की तिथि निर्धारित की जाए, तो समस्या का समाधान संभव है। वहीं, सभासद प्रदीप धर्म्वाण ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में संबंधित गैस एजेंसी प्रबंधक से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।