68 / 100 SEO Score

श्रीनगर,(विजयेन्द्र दत्त गौतम): जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ कर आंतकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक ओवर-ग्राउंड वर्कर (आंतकी) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। जवानों ने उसके पास से मिले हथियारों और गोला-बारूद को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी। आंतकी की पहचान जहूर वानी के रूप में की गई है। वह लश्कर के अन्य आंतकवादियों को रसद, छिपने के ठिकाने और परिवहन जैसी अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने का कार्य करता था। अरिजाल गांव स्थित उसके घर से कुछ सौ मीटर की दूरी पर ही आंतकी ठिकाने का पता चला। उसके खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने बयान जारी कर कहा, “बडगाम में अरिजाल खानसैब में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ हुआ है। (मामले में) लश्कर के एक टॉप ओवर ग्राउड वर्कर जहूर वानी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।”गौरतलब है कि सुरक्षाबलों ने बडगाम से आतंकवादियों के चार अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर उनके पास से भी अवैध सामग्री बरामद की है।