शिमला,(विजयेन्द्र दत्त गौतम): क्योंथल क्षेत्र  के उप तहसील मुख्यालय जुन्गा के चौंरी  में 74वां स्वतंत्रता दिवस स्थानीय महिला मंडल के सौजन्य से कोविड-19 के नियमों की पालना करते हुए  बड़े हर्षोंल्लास के साथ  मनाया गया ।  कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र की पूर्व भाजपा प्रत्याशी विजय ज्योति सेन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और महिलाओं द्वारा राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया गया । इस मौके पर  अपने संबोधन में विजय ज्योति सेन ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का आहवान किया । उन्होने आजादी के महा नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान की बदौलत देश गुलामी की जंजीरों से मुक्त हुआ था और आज पूरा राष्ट्र खुली हवा सांस ले रहा है । इस मौके पर महिला मंडल द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया ।
इस मौके पर स्थानीय पंचायत के पदाधिकारियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया ।