10 / 100 SEO Score

रुद्रप्रयाग,। भगवान कार्तिकेय की पावन तपस्थली कुमार लोक से स्कन्द नगरी तक आगाज यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल की ग्वास-घिमतोली तल्लानागपुर इकाई के छह सदस्यीय दल ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान युवाओं ने पैदल यात्रा मार्ग पर बिखरी प्लास्टिक, पॉलीथिन, पानी की खाली बोतलों तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। साथ ही तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि देवभूमि की पवित्रता एवं प्राकृतिक सौंदर्य बनाए रखने के लिए कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
क्लब के सचिव धीरज सिंह नेगी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र और भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक जैसी आस्था एवं प्रकृति से जुड़ी धरोहरों का संरक्षण जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल प्रकृति के संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रखने का माध्यम है। अभियान के समापन पर सभी सदस्यों ने नियमित रूप से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया। स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और तीर्थयात्रियों ने युवाओं के इस सराहनीय प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। स्वच्छता अभियान में क्लब के सचिव धीरज सिंह नेगी के साथ प्रमोद सिंह, पंकज सिंह, संदीप सिंह, विपिन सिंह तथा आशुतोष सिंह ने सक्रिय सहभागिता निभाई।