नई दिल्ली,(विजयेन्द्र दत्त गौतम) :जेसिका लाल हत्याकांड में सजायाफ्ता मनु शर्मा को सजा समीक्षा बोर्ड की सिफारिश के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने रिहाई की इजाजत दे दी है। मनु शर्मा को 14 साल की कैद के बाद अच्छे व्यवहार के आधार पर तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया है।बता दें कि दिल्ली सरकार के सजा समीक्षा बोर्ड ने तिहाड़ जेल में बंद जेसिका लाल हत्याकांड के दोषी मनु शर्मा की रिहाई पर फैसला पिछले साल टाल दिया गया था। उस समय अधिकारियों ने बताया था बोर्ड ने रिहाई से जुड़ी कई अन्य अर्जियों पर भी फैसला नहीं लिया गया है। दिल्ली के गृह मंत्री की अध्यक्षता वाली समिति में प्रमुख सचिव (गृह), प्रमुख सचिव (विधि), महानिदेशक (जेल), संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध), मुख्य परिवीक्षा अधिकारी और एक जिला सदस्य, सदस्य के तौर पर शामिल होते हैं।

बता दें कि 30 अप्रैल, 1999 की रात को दक्षिणी दिल्ली के एक पब में जेसिका लाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस रात मनु शर्मा लिकर सर्व (शराब परोस) कर रहीं जेसिका के पास आया था और रात दो बजे उनसे ड्रिंक्स (शराब) देने को कहा था। लेकिन तब तक पब का काउंटर बंद हो गया था। शराब देने से इनकार करने पर मनु शर्मा ने तैश में आकर जेसिका लाल पर करीब से गोली चला दी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी। मनु शर्मा हरियाणा के कद्दावर नेता विनोद शर्मा का बेटा है। ऐसा कहा जाता है कि जेसिका लाल ने घर का खर्च चलाने के लिए मॉडलिंग करनी शुरू की थी। वो पार्ट टाइम के तौर पर दिल्ली के एक पब में काम करती थीं, जहां उसकी हत्या की गई।

मनु शर्मा की रिहाई के बाद जेसिका के परिवार को मीडिया और पब्लिक का सपोर्ट मिलने लगा और देखते ही देखते इस मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। कोर्ट में इस मामले की दोबारा से सुनवाई शुरू हुई। दिसंबर 2006 में दिल्ली हाईकोर्ट ने मनु शर्मा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मनु शर्मा ने बाद में सुप्रीम कोर्ट में भी अपील की लेकिन वहां भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा गया।