National: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दुनिया की सबसे लंबी स्टील स्लैग सड़क के साथ भारत ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। 1.85 किलोमीटर लंबी यह सड़क एक स्वदेशी तकनीक के बड़े पैमाने पर विस्तार को दर्शाती है, जो सड़क निर्माण के लिए एग्रीगेट (गिट्टी) के रूप में प्रसंस्कृत स्टील स्लैग (जो इस्पात उत्पादन का उप-उत्पाद है) का उपयोग करती है।
नई दिल्ली में आज गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रमाणन समारोह को संबोधित करते हुए, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्टील स्लैग सड़क तकनीक पारंपरिक सड़कों की तुलना में चार गुना अधिक मजबूती प्रदान करते हुए सड़क निर्माण लागत को लगभग 40 प्रतिशत तक कम कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक को निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CSIR-CRRI) नई दिल्ली द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह पहल ‘वेस्ट टू वेल्थ’ (कचरे से कंचन) रीसाइक्लिंग विकल्पों पर जोर देते हुए सरकार की एक से अधिक प्रमुख प्राथमिकताओं को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक रखरखाव के चक्र को भी काफी हद तक बढ़ा सकती है, जिसमें उपयुक्त अनुप्रयोगों में लगभग 15 वर्षों के बाद ही दोबारा ध्यान देने की आवश्यकता होती है। यह सड़क इंजीनियरिंग के साथ-साथ संपूर्ण बुनियादी ढांचे की अर्थव्यवस्था के लिए दूरगामी परिणामों वाली एक बड़ी सफलता है।
मंत्री ने इस स्वदेशी तकनीक को एक परियोजना से कई परियोजनाओं और एक राज्य से कई राज्यों तक ले जाने का आह्वान किया, जिसमें सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अलावा रेलवे, अन्य सरकारी विभागों, राज्य सरकारों और निजी बिल्डरों तक इसकी स्वीकार्यता का विस्तार होना चाहिए।

